सावधान नेशन न्यूज़

सलीम खान की सेहत पर अस्पताल का बयान

सावधान नेशन न्यूज़
मोहिनी कुमारी

आईसीयू में भर्ती सलीम खान की सेहत पर अस्पताल का बयान, हालत फिलहाल स्थिर

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज लेखक सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार, 17 फरवरी की सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। उनकी सेहत को लेकर अस्पताल प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी किया है।

अस्पताल की ओर से जारी स्टेटमेंट के अनुसार, सलीम खान को सुबह करीब 8:30 बजे उनके फैमिली डॉक्टर डॉ. संदीप चोपड़ा इमरजेंसी विभाग में लेकर आए थे। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया गया। फिलहाल वे डॉ. जलील पार्कर की निगरानी में हैं। उनकी देखभाल के लिए न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन की एक विशेषज्ञ टीम तैनात की गई है।

अस्पताल ने बताया कि परिवार की इच्छा के अनुसार ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती, लेकिन राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। उम्र को देखते हुए डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल प्रशासन कल सुबह 11 बजे परिवार की सहमति से नया प्रेस बुलेटिन जारी करेगा।

अस्पताल पहुंचा खान परिवार:-
जैसे ही सलीम खान के भर्ती होने की खबर सामने आई, उनके बेटे सुपरस्टार सलमान खान अपनी शूटिंग बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंचे। उनके साथ अरबाज खान, अलवीरा खान और अर्पिता खान भी मौजूद रहे। अस्पताल के बाहर परिवार के सदस्य काफी चिंतित नजर आए।

जावेद अख्तर के साथ लिखीं यादगार फिल्में
सलीम खान ने मशहूर गीतकार-लेखक जावेद अख्तर के साथ मिलकर हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट फिल्में दीं। इनमें शोले और जंजीर जैसी क्लासिक फिल्में शामिल हैं। वे भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली पटकथा लेखकों में गिने जाते हैं।

90 वर्ष की उम्र में सलीम खान स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनके बीमार होने की खबर से फैंस और फिल्मी हस्तियां चिंतित हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

“देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए देखते रहिये सावधान नेशन न्यूज़”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *