भीषण गर्मी के बीच गुरुग्राम शुक्रवार शाम अचानक बड़े बिजली संकट की चपेट में आ गया, जब सेक्टर-72 स्थित 220 KV पावर सबस्टेशन में जोरदार ब्लास्ट के बाद आग लग गई। इस हादसे ने देखते ही देखते शहर के कई हिस्सों को अंधेरे में डुबो दिया और हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी थम सी गई।
जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण ट्रांसफॉर्मर में ऑयल लीकेज हुआ। उसी दौरान ट्रांसफर सर्किट में ब्लास्ट हो गया और आग तेजी से फैल गई। हादसे के बाद पूरा ग्रिड प्रभावित हो गया, जिससे सेक्टर 15, 38, 44, 46, 52, 56 समेत कई इलाकों की बिजली अचानक चली गई।
इस पावर कट का सबसे बड़ा असर Rapid Metro Gurgaon पर देखने को मिला। बिजली सप्लाई ठप होते ही मेट्रो सेवाएं करीब 40 मिनट से ज्यादा समय तक बंद रहीं। कई यात्री ट्रेन के अंदर फंस गए, जबकि कुछ लोगों को ट्रैक पर पैदल चलकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया।
गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। कई सोसाइटियों में AC बंद हो गए, लिफ्ट रुक गईं और लोग घंटों बिना बिजली के परेशान रहे। तापमान पहले ही 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था, ऐसे में यह ब्लैकआउट शहरवासियों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं रहा।
बिजली विभाग DHBVN के अधिकारियों ने बताया कि हादसा शाम करीब 7:50 बजे हुआ था। आग पर काबू पाने और बिजली बहाल करने के लिए रातभर मरम्मत का काम चलता रहा। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति अब नियंत्रण में है और अधिकांश इलाकों में सप्लाई धीरे-धीरे बहाल कर दी गई है।
Savdhaan Nation News..