बिहार के नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के बलुआही भीकमपुरा गांव में ग्रामीणों द्वारा डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, मारपीट और पथराव किया गया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 3 महिलाओं और 8 पुरुषों सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है!
तीन महिला और आठ पुरुष गिरफ्तार
इस मामले में नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि घटना में डायल 112 के चालक सहित महिला पुलिसकर्मी को पत्थरबाजी के कारण चोटें आई हैं। उनका इलाज कराया गया है। कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस को काम करने से डिस्टर्ब किया। लेकिन, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन महिलाओं और आठ पुरुषों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मियों पर हमला, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस उचित कानूनी कार्रवाई कर रही है। कुछ और भी आरोपी हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस को देखते ही हमला किया
सूचना मिलते ही एएसआई पप्पू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस को देखते ही ग्रामीणों ने उनपर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। इससे मौके पर अफरा तफही मच गई और उसके बाद पुलिस लौट आई। कुछ घंटे बाद बड़ी संख्या में पुलिस गांव पहुंची और जमा भीड़ को खदेड़ कर तितर वितर कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हमले के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाने पर ले आई।
घटना का मुख्य कारण
• मामले की शुरुआत: शनिवार की रात को ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी थी कि उन्होंने किसी विवाद (ई-रिक्शा और साइकिल की टक्कर) में एक व्यक्ति को पकड़ रखा है। सूचना पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ले रही थी, तभी कुछ युवक वहां तैनात एक महिला सिपाही का वीडियो बनाने लगे और अभद्र व्यवहार करने लगे।
• विवाद का बढ़ना: महिला कांस्टेबल और पुलिसकर्मियों ने जब वीडियो बनाने का विरोध किया और मना किया, तो उपद्रवी हंगामा करने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने महिला कांस्टेबल की पिस्टल पर हाथ लगाने की भी कोशिश की।
• पथराव और हमला: जब पुलिस की अतिरिक्त टीम (सपोर्ट जत्था) मौके पर पहुंची, तो ग्रामीणों ने पुलिस बल को घेर लिया और ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस पथराव में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया
इस हिंसक झड़प में डायल 112 वाहन के चालक चंदन कुमार (जिनकी अंगुली टूट गई), दो महिला सिपाही (सिमु कुमारी और श्वेता कुमारी) तथा एक चौकीदार (संजय पासवान) जख्मी हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरहट में कराया गया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी 11 आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Savdhaan Nation News…..