सावधान नेशन न्यूज
तरुण कश्यप
नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अधिकारियों ने बैंकॉक से तस्करी कर लाए जा रहे करीब 10.724 किलोग्राम गांजे (Marijuana) की खेप पकड़ी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ज़ब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
स्पॉट प्रोफाइलिंग से पकड़े गए तस्कर
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 19 फरवरी 2026 को की गई। बैंकॉक से फ्लाइट नंबर TG-331 से आए दो भारतीय यात्रियों पर शक होने के बाद उन्हें ग्रीन चैनल पर रोका गया। Delhi Customs के अधिकारियों ने स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर संदिग्धों को सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग और विस्तृत जांच के लिए डायवर्ट किया।
ट्रॉली बैग में छिपाया था गांजा
जांच के दौरान यात्रियों के पास मौजूद एक काले रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। अधिकारियों को बैग के अंदर से संदिग्ध पदार्थ के 10 पॉलिथीन पाउच मिले। जब इसकी गहनता से जांच की गई, तो यह उच्च गुणवत्ता वाला गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 10.724 किलोग्राम था।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
कस्टम विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह खेप दिल्ली में किसे डिलीवर की जानी थी और इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के पीछे और कौन लोग शामिल हैं।
ड्रग सिंडिकेट पर यह प्रहार जारी रहेगा। ताकि आप रहें जागरूक और सुरक्षित रहे। सावधान नेशन न्यूज,