सावधान नेशन न्यूज
तरुण कश्यप
नई दिल्ली [16 फरबरी 2026]
भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच आर्थिक रिश्तों में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पिछले साल जुलाई में हस्ताक्षरित व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) इस साल अप्रैल 2026 से प्रभावी होने की पूरी संभावना है।
मुख्य बिंदु:–
- शून्य शुल्क पहुंच: इस समझौते के लागू होते ही भारत के 99 प्रतिशत निर्यात उत्पादों को ब्रिटिश बाजार में ड्यूटी-फ्री (शून्य शुल्क) प्रवेश मिलेगा।
- सस्ता होगा विदेशी सामान: भारत में ब्रिटिश कारों और स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क में भारी कटौती की जाएगी। व्हिस्की पर शुल्क तत्काल 150% से घटकर 75% हो जाएगा।
- रोजगार और व्यापार: इस डील का लक्ष्य 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को $56 बिलियन तक दोगुना करना है।
- इन सेक्टर्स को बड़ा फायदा: कपड़ा (Textiles), चमड़ा (Leather), फुटवियर, रत्न और आभूषण (Gems & Jewellery), और समुद्री उत्पादों जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों को ब्रिटेन में बड़ा बाजार मिलेगा।
मंजूरी का इंतज़ार:–
वर्तमान में, यह समझौता ब्रिटिश संसद में अनुसमर्थन (Ratification) की प्रक्रिया में है। भारत की ओर से इसे केंद्रीय मंत्रिमंडल (Union Cabinet) की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। अधिकारियों के अनुसार, FTA के साथ-साथ डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेन्शन (DCC) को भी लागू किया जाएगा, जिससे ब्रिटेन में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को दोहरा सामाजिक सुरक्षा योगदान नहीं देना होगा।
व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता न केवल व्यापार बढ़ाएगा, बल्कि तकनीकी हस्तांतरण और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा, जिससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
“देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए देखते रहिये सावधान नेशन न्यूज़”