नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से तप रहा है। आसमान से बरसती आग के बीच लोगों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी सामान्य रफ्तार से काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश में समय से पहले दस्तक देने वाला है।
अंडमान पहुंचा मॉनसून, श्रीलंका में भी दी दस्तक
IMD के ताजा डेटा के अनुसार, मॉनसून अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश कर चुका है। इसके साथ ही यह बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है। श्रीलंका में भी मॉनसून ने दस्तक दे दी है, जिसके बाद अब इसकी रफ्तार और दिशा में तेजी से बदलाव आ रहा है।
आमतौर पर भारत में मॉनसून की शुरुआत 1 जून को केरल से होती है, लेकिन इस बार यह 26 मई को ही केरल पहुंच सकता है। पिछले साल मॉनसून की शुरुआत 24 मई को हुई थी।
आपके राज्य में कब पहुंचेगा मॉनसून?
केरल में दस्तक देने के बाद मॉनसून उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार विभिन्न राज्यों में इसके पहुंचने की संभावित तारीखें इस प्रकार हैं:
केरल: 25 से 27 मई के बीच
बिहार: 15 जून तक
उत्तर प्रदेश: 15 से 22 जून के बीच
मध्य प्रदेश: 15 से 20 जून तक
गुजरात: 20 से 25 जून तक
दिल्ली-NCR: 25 से 30 जून के बीच
राजस्थान: 30 जून से 5 जुलाई के बीच
फिलहाल गर्मी का सितम जारी: कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
भले ही मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन उत्तर भारत को अभी कुछ दिन और भीषण गर्मी का सामना करना होगा। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश और विदर्भ में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं, राजधानी दिल्ली में अगले 7 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भी अगले एक हफ्ते तक लू का ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर बना रह सकता है।
——————————
Savdhaan Nation News