सावधान नेशन न्यूज़
मोहिनी कुमारी
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से मिड-डे-मील योजना से जुड़ा एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है और शिक्षा विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
मामला महोबा के ढिकवाहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाल्टी भर पानी में सिर्फ दो पैकेट दूध डाले जाते हैं। जैसे ही पैकेट खाली किए जाते हैं, पानी का रंग हल्का सफेद हो जाता है और फिर उसी मिश्रण को बच्चों में दूध बताकर बांटना शुरू कर दिया जाता है।
वीडियो में स्कूल की प्रधानाचार्य भी नजर आ रही हैं, जो बेहद सहज अंदाज में बच्चों को यह दूध पीने के लिए कहती दिखती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि बच्चों के हक और उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। ग्रामीणों का कहना है कि मिड-डे-मील के बजट में गड़बड़ी की जा रही है और बच्चों को पूरा पोषण नहीं मिल पा रहा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य अक्सर स्कूल समय में लापरवाही बरतती हैं और नियमों को ताक पर रखकर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
यह वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि मिड-डे-मील योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों बेहतर हो सकें। लेकिन इस तरह की घटनाएं योजना की साख पर सवाल खड़े करती हैं।
इस पूरे मामले को लेकर आज तक की रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में क्या सख्त कदम उठाती है।
“देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए देखते रहिये सावधान नेशन न्यूज़”