सावधान नेशन न्यूज़
मोहिनी कुमारी
दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार से तीन शव मिलने के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार तांत्रिक कमरुद्दीन से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर अब तक आठ लोगों की हत्या कर चुका है और उसने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा व राजस्थान सहित कई राज्यों में दर्जनों परिवारों को झाड़-फूंक और जादू-टोने के नाम पर ठगा।
जिन्न का डर दिखाकर बनाता था संबंध:-
पुलिस के अनुसार, कमरुद्दीन खुद को चमत्कारी हकीम और तांत्रिक बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह धनवर्षा कराने के नाम पर परिवार की किसी महिला को “जिन्न से मिलाने” की बात कहकर कमरे में अकेले ले जाता था। महिला को मोबाइल फोन साथ ले जाने से मना किया जाता या फ्लाइट मोड में रखने को कहा जाता था।
वह पीड़ितों को डराता था कि जिन्न अदृश्य रूप में संपर्क करेगा और विरोध करने पर अनिष्ट होगा। धन प्राप्ति न होने पर वह जिन्न के नाराज होने का बहाना बनाकर दोबारा अनुष्ठान के नाम पर पैसे ऐंठता था।
मोबाइल फोरेंसिक में मिले सबूत:-
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा के मुताबिक, मामले में मारी गई महिला लक्ष्मी के मोबाइल की फोरेंसिक जांच में कई महिलाओं और लड़कियों की तस्वीरें मिलीं। इनमें वे झाड़-फूंक की मुद्रा में बैठी दिखाई दे रही थीं और हाथों में निजी विवरण लिखे कागज थे। इससे आरोपी के व्यापक नेटवर्क का संकेत मिला है।
सल्फास और नींद की गोलियों से हत्या:-
जांच में पता चला कि पीरागढ़ी मामले में रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी को जो लड्डू खिलाए गए थे, उनमें सल्फास (एल्युमीनियम फॉस्फेट) और भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिलाई गई थीं। सल्फास एक प्रतिबंधित कीटनाशक है। दिल्ली पुलिस अब फिरोजाबाद में उस सप्लायर की तलाश कर रही है, जिसने आरोपी को यह जहर उपलब्ध कराया।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच:-
पूछताछ में आरोपी ने आठ हत्याओं की बात कबूली है, जिनमें दिल्ली, फिरोजाबाद और राजस्थान के मामले शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय कर उसके नेटवर्क की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है।
ठगी से खड़ी की संपत्ति:-
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने खुद को बिना चीर-फाड़ के ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर बताकर भी लोगों से सात हजार रुपये तक वसूले। ठगी से अर्जित रकम से उसने फिरोजाबाद में प्लॉट और एक भव्य मैरिज हॉल जैसी संपत्तियां खड़ी कीं। दिल्ली पुलिस अब इन संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की तैयारी में है, ताकि अपराध से अर्जित धन जब्त किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।
“देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए देखते रहिये सावधान नेशन न्यूज़”