Skip to main content

सावधान नेशन न्यूज़

प्रेमी ने बात बंद की तो युवती ने खुद को किया घायल

हापुड़ में सनसनी: प्रेमी ने बात बंद की तो युवती ने खुद को किया घायल, पुलिस जांच में खुलासा

सावधान नेशन न्यूज़
मोहिनी कुमारी

हापुड़ (थाना बाबूगढ़ क्षेत्र)। मंगलवार को कुचेसर चौपला से अल्लीपुर मार्ग स्थित एक स्कूल के पीछे खून से लथपथ मिली 21 वर्षीय छात्रा के मामले में पुलिस जांच के बाद नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती तौर पर इसे अज्ञात हमलावर द्वारा जानलेवा हमला बताया गया था, लेकिन पूछताछ में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा निकला।

क्या है पूरा मामला?
गांव बनखंडा निवासी छात्रा शगुन मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से कुचेसर चौपला स्थित कोचिंग सेंटर के लिए निकली थी। परिजनों के अनुसार वह रोजाना सुबह कोचिंग जाती और दोपहर करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच घर लौटती थी।

दोपहर में स्थानीय लोगों ने उसे स्कूल के पीछे लहूलुहान हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा के पिता दिनेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया।

पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा:-
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घायल छात्रा से गहन पूछताछ की। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि उसका पिछले एक वर्ष से थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव सादिकपुर निवासी युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

बताया गया कि युवती शादी को लेकर दबाव बना रही थी, जबकि युवक ने अपने बड़े भाई की शादी के बाद विवाह करने का भरोसा दिया था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और युवक ने उससे बात करना बंद कर दिया।

इससे आहत होकर युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई।
पुलिस के अनुसार युवती घटनास्थल के पास सरसों के खेत में गई और वहां स्वयं ब्लेड से अपने गले व हाथ पर वार कर लिया। बाद में परिजनों के डर से उसने अज्ञात युवक द्वारा हमले की झूठी कहानी बता दी।

पुलिस की कार्रवाई:-
थाना बाबूगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है। फिलहाल युवती का उपचार जारी है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

“देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए देखते रहिये सावधान नेशन न्यूज़”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *