Skip to main content

सावधान नेशन न्यूज़

मध्य प्रदेश के सिवनी में भीषण अग्निकांड, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत; चार को बचाया गया

सावधान नेशन न्यूज़

नई दिल्ली, 9 नवंबर 2026

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिले के छपारा कस्बे में सोमवार तड़के एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। इस हादसे में परिवार के चार अन्य सदस्यों को बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास हुई। आग सर्राफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के मकान में लगी थी। हादसे के समय घर में कुल 10 लोग मौजूद थे। आग की चपेट में आने से छह लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य को बचाव दल ने बाहर निकाला।


मृतकों में 16 वर्षीय किशोर भी शामिल
पुलिस अधिकारियों ने मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में की है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल हैं।


दमकल और बचाव दल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।


आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आग किसी तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी थी।
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

सावधान नेशन न्यूज़…