मंगलवार की देर रात दिल्ली से सटे गाजियाबाद के भारत सिटी(लोहिया नगर/टीला मोड़) इलाके में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। शुरुआती जांच में इस खौफनाक कदम के पीछे कोरियन ऑनलाइन गेम की खतरनाक लत और मोबाइल के प्रति माता-पिता की पाबंदी को मुख्य वजह माना जा रहा है।
फील्ड रिपोर्ट (वॉयस ओवर):
घटना का ब्यौरा: वारदात मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे की है। लोनी के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में रहने वाले व्यापारी चेतन कुमार की तीन नाबालिग बेटियों—निशिका (16), प्राची (14), और पाखी (12)—ने अपने घर की बालकनी से एक-एक कर छलांग लगा दी।

मौके का मंजर: चश्मदीदों के मुताबिक, लड़कियां एक के बाद एक नीचे गिरीं। गिरने की आवाज सुनकर जब तक गार्ड और पड़ोसी वहां पहुंचे, तीनों की सांसे थम चुकी थीं। पुलिस को मौके से 8 पन्नों का एक सुसाइड नोट और एक डायरी मिली है, जिसमें “पापा सॉरी” लिखा हुआ था।
गेमिंग का एंगल: जांच में पता चला है कि तीनों बहनें कोरियाई ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेम्स (जैसे ‘कोरियन लवर्स’) की आदी हो चुकी थीं। माता-पिता ने जब उन्हें गेम खेलने से मना किया और मोबाइल छीना, तो उन्होंने इस आत्मघाती कदम को उठाने का फैसला किया। कमरे की दीवार पर भी “मेक मी ए हार्ट ऑफ अलोन” जैसे भावुक संदेश लिखे मिले हैं।
पारिवारिक पृष्ठभूमि: लड़कियों के पिता चेतन कुमार एक व्यापारी हैं। पुलिस इस मामले में पारिवारिक तनाव और गेमिंग टास्क के अंतिम चरण (सुसाइड टास्क) के पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।